एडीबी अध्यक्ष मासातो कांडा ने नेपाल में दो आधुनिक विद्युत सबस्टेशनों का किया उद्घाटन
काठमांडू, 06 जुलाई (हि.स.)। नेपाल दौरे पर आए एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष मासातो कांडा ने मार्कीचोक और मूलपानी के दो विद्युत सबस्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
इन दोनों सबस्टेशनों के संचालन में आने से राजधानी काठमांडू सहित अधिक बिजली मांग वाले प्रमुख क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अधिक विश्वसनीय, स्थिर और गुणवत्तापूर्ण होने की उम्मीद जताई गई है। एडीबी अध्यक्ष कांडा ने कहा कि ये परियोजनाएं वितरण प्रणाली की क्षमता बढ़ाने, बिजली आपूर्ति की स्थिरता सुनिश्चित करने और संपूर्ण विद्युत प्रणाली की विश्वसनीयता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
उन्होंने नेपाल विद्युत प्राधिकरण के वितरण कमांड एवं कंट्रोल सेंटर तथा एडीबी की वित्तीय सहायता से निर्मित डेटा सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विद्युत प्रणाली को आधुनिक और भरोसेमंद बनाने में ऐसे बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। डेटा सेंटर के अवलोकन के बाद कांडा ने विश्वास व्यक्त किया कि वास्तविक समय में विद्युत प्रणाली की निगरानी और प्रभावी डेटा प्रबंधन के माध्यम से नेपाल की बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बुनियादी ढांचे का विकास नेपाल में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार के साथ-साथ सीमापार बिजली व्यापार के लिए आवश्यक आधार भी तैयार कर रहा है। उन्होंने भविष्य में भी नेपाल में स्वच्छ ऊर्जा विकास, ऊर्जा अवसंरचना के विस्तार और दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने के लिए निरंतर सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उद्घाटन समारोह में ऊर्जा मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ ने कहा कि देश की विद्युत प्रसारण प्रणाली को अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निर्मित मूलपानी 132 केवी और मार्कीचोक 220 केवी सबस्टेशनों का उद्घाटन किया गया है। इन दोनों सबस्टेशनों के संचालन से नेपाल की विद्युत प्रसारण प्रणाली और अधिक मजबूत, भरोसेमंद तथा प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रसारण अवसंरचना के विस्तार से न केवल बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि बढ़ती ऊर्जा मांग के प्रबंधन में भी सुविधा मिलेगी।
मंत्री श्रेष्ठ ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे निवेश और आधुनिक अवसंरचना का विकास नेपाल की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करेगा तथा आर्थिक समृद्धि, औद्योगिक विकास और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने कहा कि सरकार ऊर्जा अवसंरचना के विस्तार, प्रसारण प्रणाली के आधुनिकीकरण और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति के माध्यम से 'समृद्ध नेपाल' के निर्माण के अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
एडीबी के सहयोग से नेपाल में प्रसारण एवं वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण, नए सबस्टेशनों के निर्माण, स्मार्ट विद्युत प्रणाली के विकास तथा ऊर्जा अवसंरचना विस्तार से जुड़े कई परियोजनाओं पर कार्य जारी है। मार्कीचोक और मूलपानी सबस्टेशनों का संचालन इन्हीं प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास