इटली के आल्प्स में हिमस्खलन, दो स्कीयर्स की मौत, पांच घायल
रोम, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तरी इटली के आल्प्स पर्वतीय क्षेत्र में हुए भीषण हिमस्खलन में दो स्कीयर्स की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना इटालियन आल्प्स के ट्रेंटिनो-आल्टो आदिजे इलाके में शुक्रवार को हुई, जिसकी पुष्टि स्थानीय पर्वतीय बचाव सेवा ने शनिवार को की।
बचाव सेवा के अनुसार, दोपहर के आसपास सूचना मिली कि करीब एक दर्जन स्कीयर्स हिमस्खलन की चपेट में आ गए हैं। इसके बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटना के बाद छह हेलीकॉप्टर मौके पर भेजे गए और आसपास के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया। बचाव अभियान में दर्जनों रेस्क्यू कर्मियों, फायर ब्रिगेड और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने हिस्सा लिया।
बताया गया कि जिस पहाड़ी इलाके में हिमस्खलन हुआ, वहां कुल 25 स्कीयर्स मौजूद थे, जो अलग-अलग समूहों में बंटे हुए थे। इनमें से अधिकांश लोग बर्फ, पत्थर और बर्फीली चट्टानों के इस तेज बहाव से बचने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए।
अधिकारियों के अनुसार, 21 मार्च के लिए हिमस्खलन का खतरा ‘कम से मध्यम’ स्तर का आंका गया था, लेकिन इसके बावजूद यह घटना हो गई।
बदलते मौसम और बर्फ की अस्थिर परतों के कारण आल्प्स क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने पर्यटकों और स्कीयर्स से सावधानी बरतने और मौसम चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में एक पोलैंड के नागरिक की भी हिमस्खलन में मौत हुई थी, जिससे इलाके में खतरे को लेकर चिंता बढ़ गई है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय