रश्मिका–विजय की शादी की तस्वीरें आईं सामने, जोड़े में दिखे खूबसूरत
दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा अब आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंध चुके हैं। इस खास मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गईं, जिन पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं। दुल्हन के जोड़े में रश्मिका बेहद खूबसूरत नजर आईं, वहीं विजय भी पारंपरिक अंदाज में शानदार दिखे। दोनों ने सुबह तेलुगु रीति-रिवाजों से शादी की, जबकि शाम को कोडवा परंपराओं के साथ विवाह की रस्में पूरी कीं।
शादी के बाद रश्मिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें शेयर करते हुए एक भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने विजय को अपना 'पति' बताते हुए लिखा कि वह वही इंसान हैं जिन्होंने उन्हें सच्चे प्यार का मतलब समझाया और जिंदगी में सुकून का एहसास कराया। उन्होंने साथ में एक खूबसूरत जीवन जीने की कामना भी जताई और अपने प्यार का इजहार किया।
तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री और पारंपरिक रस्मों की झलक साफ नजर आ रही है, जिसने प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। शादी की खबर सामने आते ही फैंस और सेलेब्रिटीज लगातार इस जोड़ी को बधाइयां दे रहे हैं। 'विरोश' के नाम से मशहूर यह जोड़ी अब आधिकारिक तौर पर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुकी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे