23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी 'तुम मेरे हो'
गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय पहली बार फिल्म 'तुम मेरे हो' में साथ नजर आएंगे। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी यह फिल्म ईशा मालवीय का बॉलीवुड डेब्यू भी है। प्यार, इमोशन, एक्शन और एडवेंचर से भरपूर यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं ने फिल्म के पहले पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें दोनों कलाकारों के किरदारों के बीच की गहरी भावनाओं और रिश्ते की झलक देखने को मिलती है।
फिल्म एक ऐसी प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें प्यार के साथ कई मुश्किल हालात और चुनौतियां भी सामने आती हैं। 'तुम मेरे हो' को महज रोमांटिक कहानी के बजाय एक इंटेंस लव स्टोरी के तौर पर पेश किया गया है, जिसमें एक्शन और एडवेंचर का रोमांच भी देखने को मिलेगा। निर्देशक आशीष पांडा के मुताबिक, फिल्म के जरिए प्यार की गहराई और उससे जुड़ी भावनाओं को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है। उनका कहना है कि गुरमीत ने अपने किरदार के लिए जरूरी इंटेंसिटी को बखूबी निभाया है।
ईशा मालवीय के अभिनय को लेकर निर्देशक ने कहा कि उन्होंने किरदार में नर्मी के साथ भावनात्मक गहराई और मजबूती भी दिखाई है। फिल्म का निर्माण रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स ने किया है। आरती एस और डेबिना बनर्जी इसकी निर्माता हैं। कहानी और स्क्रीनप्ले निरंजन अयंगर और पूर्वा नरेश ने लिखा है। संगीत सारेगामा का है, जबकि पीवीआर पिक्चर्स फिल्म को वितरित करेगा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे