250 कुत्तों के साथ 'ओह माय डॉग' पर नजर आएंगे पंकज त्रिपाठी, ट्रेलर जारी
निर्देशक अमित राय की आगामी फिल्म 'ओह माय डॉग' का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है। 'ओह माय गॉड' जैसी सफल फिल्म फ्रेंचाइजी के बाद अमित राय इस बार इंसान और जानवरों के रिश्ते पर आधारित भावनात्मक कहानी लेकर आए हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ 250 से अधिक कुत्तों की मौजूदगी फिल्म को खास बनाती है। कलाकारों की टोली में माही राय, पवन मल्होत्रा, गीता अग्रवाल शर्मा, सुलक्षणा बरुआ, राजेश कुमार और विजय मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
ट्रेलर एक छोटे बच्चे और एक आवारा कुत्ते की मासूम दोस्ती से शुरू होता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ अप्रत्याशित घटनाएं भावनात्मक मोड़ लेती हैं और परिवार, संवेदनाओं तथा रिश्तों की गहराई को सामने लाती हैं। फिल्म में मनोरंजन के साथ-साथ इंसान और जानवरों के बीच प्रेम, करुणा और इंसानियत का संदेश भी प्रमुखता से दिखाया गया है।
'ओह माय डॉग' का निर्माण बाबूलाल बाइस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है। भावनात्मक ड्रामा और सस्पेंस से भरपूर यह फिल्म 31 जुलाई, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म को लेकर उत्सुकता भी बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे