आयुष्मान और शरवरी की जोड़ी की 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज

 




मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। राजश्री प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की नई जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आएगी।

फिल्म में आयुष्मान राजश्री के लोकप्रिय किरदार 'प्रेम' की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि शरवरी 'पूर्वा' के किरदार में दिखाई देंगी। ट्रेलर में दोस्ती से शुरू होने वाली प्रेम कहानी के साथ पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और गलतफहमियों की झलक देखने को मिलती है।

ट्रेलर की शुरुआत दो अच्छे दोस्तों के रिश्ते से होती है, जो धीरे-धीरे प्यार में बदलने लगता है। हालांकि, एक झूठ उनकी जिंदगी में गलतफहमियां और मुश्किलें खड़ी कर देता है। इसके बाद कहानी में पारिवारिक मतभेद और रिश्तों को संभालने की चुनौती सामने आती है। फिल्म में रोमांस के साथ पारिवारिक भावनाओं और आपसी रिश्तों को भी प्रमुखता दी गई है। आयुष्मान और शरवरी की केमिस्ट्री ट्रेलर का खास आकर्षण है।

राजश्री प्रोडक्शंस की पारिवारिक मनोरंजन की परंपरा को आगे बढ़ाती इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे और सौम्या टंडन सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए 13+ प्रमाणपत्र दिया है और इसकी अवधि 2 घंटे 53 मिनट है। 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे