'ये प्रेम मोल लिया' का टाइटल सॉन्ग रिलीज, आयुष्मान-शरवरी की केमिस्ट्री बनी खास
सूरज बड़जात्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का पहला गाना और टाइटल ट्रैक रिलीज हो गया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत यह फिल्म प्यार, शादी, रिश्तों और भारतीय संस्कृति की भावनाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई। पारिवारिक-रोमांटिक कहानी है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के टाइटल ट्रैक को हाल ही में मुंबई के रॉयल ओपेरा हाउस में एक खास कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया।
टाइटल ट्रैक को श्रेया घोषाल और निहाल तौरो ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। गाने की लॉन्चिंग के मौके पर हिमेश रेशमिया ने लाइव प्रस्तुति भी दी। गीत में प्रेम और रिश्तों की भावनाओं के साथ पारिवारिक माहौल को खूबसूरती से पेश किया गया है।
गाने के वीडियो में आयुष्मान खुराना और शरवरी शादी के जश्न के बीच नजर आते हैं। पारिवारिक उत्सव और रिश्तों की गर्माहट से भरा यह गीत राजश्री प्रोडक्शंस की पारिवारिक फिल्मों की पहचान को भी दर्शाता है। फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सतीश शाह जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'ये प्रेम मोल लिया' का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। फिल्म के जरिए वह एक बार फिर प्रेम, परिवार और भारतीय संस्कारों से जुड़ी कहानी लेकर दर्शकों के बीच आ रहे हैं। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे