श्रेयस तलपड़े की 'द इंडिया स्टोरी' का टीजर रिलीज
अभिनेता श्रेयस तलपड़े और अभिनेत्री काजल अग्रवाल की आगामी फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का दमदार टीजर जारी कर दिया गया है। इस वर्ष अप्रैल में घोषित हुई इस फिल्म का निर्देशन चेट्टन डीके ने किया है, जबकि कहानी और निर्माण की जिम्मेदारी सागर बी शिंदे ने संभाली है। फिल्म खाद्य पदार्थों में बढ़ती मिलावट और रसायनों के दुरुपयोग जैसे गंभीर मुद्दों को केंद्र में रखती है।
जारी टीजर में दिखाया गया है कि किस तरह रोजमर्रा के भोजन में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक और रासायनिक पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के लिए 'धीमा जहर' साबित हो रहे हैं। इसमें खाद्य मिलावट के कारण बीमार होकर अस्पताल पहुंचने वाले लोगों के दृश्य भी दिखाए गए हैं, जो दर्शकों को झकझोरने का काम करते हैं। टीजर समाज में बढ़ती लापरवाही, जवाबदेही की कमी और खाद्य सुरक्षा से जुड़े तंत्र में सुधार की जरूरत को भी रेखांकित करता है।
निर्माताओं का दावा है कि फिल्म खाद्य उद्योग से जुड़े उन पहलुओं को उजागर करेगी, जिनका सीधा असर आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। सामाजिक संदेश से भरपूर 'द इंडिया स्टोरी' 24 जुलाई को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे