सुकृति कक्कड़ ने शौमिक शेट्टी संग रचाई सगाई
बॉलीवुड की पार्श्व गायिका सुकृति कक्कड़ अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड शौमिक शेट्टी से सगाई कर ली है। गायिका ने सोशल मीडिया पर सगाई की खूबसूरत तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस और फिल्म जगत से जुड़े सितारे उन्हें बधाई दे रहे हैं। सुकृति की बहन प्रकृति कक्कड़ के अलावा विशाल डडलानी, अरमान मलिक सहित कई कलाकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
सुकृति ने इंस्टाग्राम पर शौमिक के साथ कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। एक तस्वीर में शौमिक घुटने के बल बैठकर सुकृति को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य तस्वीरों में दोनों रोमांटिक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में दोनों डिनर डेट का आनंद लेते भी नजर आए। तस्वीरों के साथ सुकृति ने लिखा, 'आज, कल, हमेशा', और इसके साथ अंगूठी व दिल वाला इमोजी लगाया।
सुकृति के मंगेतर शौमिक शेट्टी मुंबई में रहने वाले व्यवसायी हैं और स्वास्थ्य व हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े हैं। उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह मुंबई स्थित पैडल क्लब कोर्टसाइड के सह-संस्थापक भी हैं। वहीं, सुकृति कक्कड़ अपनी आवाज से कई लोकप्रिय गानों का हिस्सा रही हैं। आलिया भट्ट की फिल्म 'कपूर एंड संस' के गाने 'कर गई चुल्ल' और शाहरुख खान की 'पठान' के 'झूमे जो पठान' से उन्हें खास पहचान मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे