नए गाने के साथ सुर्खियों में आई शाहरुख-करीना की 'किंग'

 




मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। सुपरस्टार शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही है। क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली इस फिल्म का पहला गाना 'तू मिल जाए तो' पहले ही संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हो चुका है।

अब फिल्म के दूसरे गाने को लेकर चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का अगला गाना 'डैडी कूल' 25 नवंबर को रिलीज किया जा सकता है। इस गाने में शाहरुख खान के साथ करीना कपूर भी नजर आएंगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि दूसरे गाने को लेकर फिलहाल 'डैडी कूल' और 'किंग' के टाइटल ट्रैक के बीच विचार किया जा रहा है। हालांकि, गाने को 25 नवंबर को ही जारी करने की तैयारी है। यह हिंदी और अंग्रेजी के मिश्रण वाला डांस नंबर होगा, जिसमें शाहरुख और करीना की जोड़ी दिखाई देगी। संगीतकार सचिन-जिगर ने इस गाने को तैयार किया है। फिल्म के दो और गाने भी रिलीज किए जाएंगे, जिसके बाद 14 दिसंबर को फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के सामने आ सकता है।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी और उनके सह-लेखन वाली 'किंग' में शाहरुख के अलावा सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे