जावेद अख्तर संग अपने रिश्ते पर शबाना आजमी ने की खुलकर बात
दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के साथ अपनी शादीशुदा जिंदगी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। एक हालिया इंटरव्यू में शबाना ने बताया कि वह हमेशा से जावेद की बुद्धिमत्ता और व्यक्तित्व से प्रभावित रही हैं। उन्होंने कहा कि भले ही दोनों के बीच हर समय सब कुछ खुशनुमा नहीं रहता और कई बार बड़े झगड़े भी होते हैं, लेकिन उनकी दोस्ती बेहद मजबूत है। शबाना के मुताबिक, दोनों का बैकग्राउंड और दुनिया को देखने का नजरिया काफी हद तक एक जैसा है।
अपने इंटरव्यू में शबाना ने कहा कि उनके और जावेद के माता-पिता प्रगतिशील लेखक थे और कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े हुए थे। दोनों परिवारों में उर्दू शायरी के प्रति भी गहरा लगाव था। उन्होंने कहा कि कई लोगों को लगता था कि उनकी और जावेद की शादी अरेंज्ड होनी चाहिए थी। हालांकि, अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि उनके रिश्ते में मतभेद और बहस भी होती हैं। शबाना ने जावेद की सबसे बड़ी खूबी बताते हुए कहा कि वह किसी भी माहौल और लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाते हैं। लोगों से संवाद स्थापित करने की उनकी क्षमता, निष्पक्षता और विचारों के प्रति संतुलित रवैया शबाना को बेहद पसंद है।
शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने 1984 में शादी की थी और उनके वैवाहिक जीवन को चार दशक से अधिक समय हो चुका है। इतने वर्षों में उनका रिश्ता प्यार के साथ-साथ गहरी दोस्ती में भी बदल गया है। शबाना पहले भी कह चुकी हैं कि वह खुद को कभी बहुत 'रोमांटिक' नहीं मानती थीं, लेकिन समय के साथ जावेद के साथ उनका रिश्ता और मजबूत हुआ।
गौरतलब है कि जावेद अख्तर की पहली शादी पटकथा लेखिका हनी ईरानी से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे फरहान अख्तर और जोया अख्तर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे