बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चमकेगी 'सेल्वी', अंजलि पाटिल की फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर
नेशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल की फिल्म 'सेल्वी' का वर्ल्ड प्रीमियर 31वें बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के विजन एशिया सेक्शन में होगा। तमिल राइटर-डायरेक्टर सैलेश रत्नकुमार की यह डेब्यू फीचर फिल्म 6 से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जाएगी। फिल्म में अंजलि मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ इसकी निर्माता भी हैं और उन्होंने इसे अपने बैनर अनाहत फिल्म्स के तहत प्रोड्यूस किया है।
'सेल्वी' की कहानी उन होम-केयर वर्कर्स की जिंदगी पर केंद्रित है, जिनका संघर्ष अक्सर समाज की नजरों से दूर रहता है। फिल्म देखभाल, माइग्रेशन, दोस्ती, अपराधबोध, थकान और तमाम मुश्किलों के बीच आगे बढ़ते रहने की जद्दोजहद को बेहद करीब से दिखाती है। सैलेश ने सिनेमैटोग्राफर भार्गव श्रीधर के साथ मिलकर फिल्म की कहानी लिखी है। फिल्म की प्रेरणा उन होम-केयर नर्सों से मिली, जिन्होंने भार्गव की मां की गंभीर बीमारी के दौरान कई महीनों तक उनकी देखभाल की थी। फिल्म का संपादन नौ बार के नेशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता ए. श्रीकर प्रसाद ने किया है, जबकि साउंड डिजाइन आनंद कृष्णमूर्ति ने संभाला है।
अंजलि पाटिल ने कहा कि एक अभिनेत्री और निर्माता के तौर पर 'सेल्वी' उनके लिए उन कहानियों को सामने लाने का माध्यम है, जिन्हें कहने के लिए धैर्य और संवेदनशीलता की जरूरत होती है। उन्होंने बुसान में फिल्म के प्रीमियर को टीम के लिए गर्व का बड़ा पड़ाव बताया। 'सेल्वी' को रेड सी फंड ने को-प्रोड्यूस किया है और इसे हॉन्ग कॉन्ग एशिया फिल्म फाइनेंसिंग का भी समर्थन मिला है। विजन एशिया के जरिए फिल्म को एशिया के उभरते फिल्मकारों के बीच वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे