'बिग बॉस 20' के अगले एपिसोड में होगा स्काउटओपी और लव गिल के रिश्ते को लेकर खुलासे

 


मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के घर में स्काउटओपी और लव गिल की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है। आगामी एपिसोड के प्रोमो में स्काउटओपी को लव के साथ अपने पुराने रिश्ते और भावनात्मक जुड़ाव को याद करते हुए देखा जाएगा। घर की लाइटें बंद होने के बाद गुल्लू से बातचीत में उन्होंने बताया कि लव किस तरह उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखती थीं। हालांकि, इस रिश्ते को याद करते हुए स्काउट के शब्दों में नाराजगी और पछतावा भी नजर आया।

स्काउट ने कहा कि उन्होंने एक इंसान के पीछे अपना काफी समय लगाया। उन्होंने बताया कि दोस्ती के दौरान लव यह सुनिश्चित करती थीं कि वह समय पर खाना खाएं। यहां तक कि उन्होंने एक बार लव से रोज उनके बालों में तेल लगाने के लिए कहा था और उन्होंने ऐसा भी किया। दोनों अक्सर एक ही बिस्तर पर बैठकर लंबी बातचीत करते थे। स्काउट के मुताबिक, वह जगह उनकी बातचीत का केंद्र बन गई थी और लव कई बार उन्हें लगातार देखती रहती थीं। अपनी स्थिति की तुलना उन्होंने ऐसे चूहे से की, जिसे खाने का लालच देकर इधर-उधर बुलाया जाता है।

बातचीत के दौरान स्काउट ने उस घटना का भी जिक्र किया, जब उन्होंने गुस्से में अपने बाल मुंडवा लिए थे। उन्होंने कहा कि उनके भीतर गुस्सा इतना अधिक था कि उसे शांत करने के लिए उन्होंने अपने बाल तक काट दिए। अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि इस रिश्ते ने उन्हें जिंदगी में काफी मानसिक तकलीफ दी है। प्रोमो के सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि शो के आगामी एपिसोड में स्काउट और लव के रिश्ते को लेकर और क्या खुलासे होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे