सलमान खान की अगली फिल्म ईद 2027 में होगी रिलीज
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और ईद के बीच खास फिल्मी रिश्ता रहा है। 'वांटेड', 'दबंग', 'किक' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी उनकी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में इसी मौके पर रिलीज होकर बॉक्स ऑफिस पर छाई गई थीं।
हालांकि, इस साल ईद पर उनकी कोई फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, लेकिन 2027 के लिए अभिनेता ने अभी से बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'मातृभूमि' के बाद सलमान अपनी अगली फिल्म के लिए साउथ भारतीय निर्माता दिल राजू और निर्देशक वामशी पाडिलपल्ली के साथ काम कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार इस फिल्म को ईद 2027 पर रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि सलमान खान और निर्माता-निर्देशक की जोड़ी के बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत जारी है, ताकि शेड्यूल को इस तरह से तैयार किया जा सके कि फिल्म त्योहार के मौके पर सिनेमाघरों में उतारी जा सके। निर्माता-निर्देशक इस प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं और जल्द ही एक ठोस योजना के साथ सलमान को जवाब देने की संभावना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म एक्शन और इमोशन से भरपूर एक बड़ा एंटरटेनर होगी, जिसमें सलमान खान अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आएंगे। निर्माता दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए उन्हें दमदार और प्रभावशाली भूमिका में पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म का प्री-प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है और अप्रैल से शूटिंग शुरू करने की योजना है, जबकि इसे 2027 की पहली छमाही में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे