सलमान खान की नई फिल्म 'एसवीसी63' ईद 2027 पर होगी रिलीज

 


अभिनेता सलमान खान ने अपनी नई फिल्म 'एसवीसी 63’ को लेकर प्रशंसकों को बड़ी खुशखबरी दी है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से एक वीडियो शेयर करते हुए इसकी रिलीज तारीख का ऐलान किया। सलमान ने बताया कि उनकी यह अनाम फिल्म ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस घोषणा के बाद उनके प्रशंसकों में फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

सलमान खान ने पोस्ट के साथ लिखा कि थोड़ा दूर की सोचना चाहिए, इसलिए ईद की घोषणा की गई। फिक्र मत करो, इस वाली का भी बताएंगे जब सही समय आएगा। ... पेशेंस, थोड़ा सा सब्र... मेरे जितना ही इंतजार करना पड़ेगा, बहरहाल जो आपका हाल है वही मेरा भी हाल है... हाहा अपने खास अंदाज में उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह फैंस उनकी फिल्मों का इंतजार कर रहे हैं, वह खुद भी उतनी ही बेसब्री से इस फिल्म के लिए उत्साहित हैं। उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

फिल्म का निर्देशन साउथ भारतीय निर्देशक वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं, जबकि इसे निर्माता दिल राजू प्रस्तुत कर रहे हैं। इस फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हालांकि फिल्म के बाकी कलाकारों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म का मुहूर्त 22 अप्रैल को हुआ था और फिलहाल इसकी शूटिंग मुंबई में जारी है।

सलमान खान की पिछली फिल्म 'सिकंदर' दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी, ऐसे में उनकी नई फिल्म से काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। वहीं 'मातृभूमि' को लेकर भी चर्चा जारी है, लेकिन फिलहाल उनकी इस नई फिल्म की रिलीज तारीख ने फैंस के बीच नई उत्सुकता पैदा कर दी है। अब सभी की नजरें फिल्म के आधिकारिक शीर्षक और इसके पहले लुक पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे