'सलमान खान' के नए गीत 'रंग केसरी' में दिखा वीर जवानों का शौर्य और बलिदान

 




मुंबई, 29 नवंबर (हि.स.)। सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का नया गीत 'रंग केसरी' रिलीज हो गया है। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत यह गीत देश के वीर जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को समर्पित है। इसमें उन सैनिकों के जज्बे को दर्शाया गया है, जो हर परिस्थिति में राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। जोशीले संगीत और प्रभावशाली बोल के जरिए गीत में देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान की भावना व्यक्त की गई है।

'रंग केसरी' को सुखविंदर सिंह और मीत ब्रदर्स ने अपनी आवाज दी है। इसका संगीत मीत ब्रदर्स ने तैयार किया है, जबकि गीत के बोल शायर मीत ने लिखे हैं। गीत की प्रस्तुति में वीर जवानों के निडर स्वभाव, दृढ़ संकल्प और देश के प्रति समर्पण को प्रमुखता दी गई है। भावनात्मक अंदाज के साथ इसकी जोशीली धुन देशभक्ति के रंग को और गहरा करती है।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जियो स्टूडियोज फिल्म का देशभर में वितरण कर रहा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय वितरण की जिम्मेदारी जी स्टूडियोज के पास है। ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे