'बिग बॉस 20' में स्काउटओपी पर भड़के सलमान खान

 




मुंबई, 29 नवंबर (हि.स.)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के आगामी 'वीकेंड का वार' एपिसोड में सलमान खान प्रतियोगी स्काउटओपी की क्लास लगाते नजर आएंगे।

दरअसल, स्काउटओपी ने गुल्लू के साथ बातचीत के दौरान लव गिल को लेकर कुछ ऐसी बातें कही थीं, जिन्हें सुनकर सलमान नाराज हो गए। उन्होंने घर के सभी सदस्यों को दोनों की बातचीत का वीडियो दिखाया। यह क्लिप देखने के बाद घरवाले भी हैरान रह गए, वहीं लव भावुक होकर रोने लगीं और बेडरूम में चली गईं।

इसके बाद सलमान ने स्काउटओपी से सवाल किया कि उन्होंने लव के बारे में इस तरह की बातें क्यों कहीं। उन्होंने कहा कि स्काउटओपी ने पूरी स्थिति में लव को फंसा दिया और सारा आरोप उन पर डाल दिया। सलमान ने यह भी कहा कि शायद स्काउटओपी खुद को सही साबित करने के लिए यह दिखाना चाहते थे कि उन्हें लुभाने की कोशिश की गई थी। रविवार के एपिसोड के प्रोमो में सलमान आगे कहते नजर आए कि स्काउटओपी ने लव की छवि खराब की है। स्काउटओपी ने जब उनकी बात से असहमति जताई, तो सलमान का गुस्सा और बढ़ गया।

सलमान ने स्पष्ट किया कि यह बातचीत लव और स्काउटओपी के बीच नहीं, बल्कि स्काउटओपी और गुल्लू के बीच हुई थी। उन्होंने स्काउटओपी को फटकार लगाते हुए कहा कि एक लड़की ने उन पर इतना असर डाल दिया है कि वह अपना होश खो बैठे हैं। सलमान ने यह भी कहा कि अब तक उन्होंने उनसे इतनी सख्ती से बात नहीं की थी, लेकिन इस बार चुप रहना उनके लिए शर्म की बात होती। दूसरी ओर, लव लगातार रोती नजर आईं। उन्होंने कनिका मान और आम्रपाली दुबे से भावुक होकर कहा, मैंने इसे राखी बांधी थी। अब दर्शकों की नजरें इस बात पर हैं कि घर के अंदर इस विवाद का आगे क्या असर पड़ता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे