सलीम खान और सलमा की शादी से खुश नहीं थे सलमान के नाना
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेता सलमान खान ने रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के वीकेंड का वार में अपने माता-पिता सलीम खान और सलमा खान की शादी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि सलमा खान से शादी के बाद उनके नाना ने करीब पांच साल तक सलीम खान से बातचीत नहीं की थी। सलमान के मुताबिक, इस नाराजगी की वजह धर्म नहीं, बल्कि सलीम खान का उस समय फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष और भविष्य को लेकर अनिश्चितता थी। उनके नाना को चिंता थी कि उनकी बेटी का जीवन एक ऐसे व्यक्ति के साथ कैसे गुजरेगा, जो अभिनेता बनने के लिए संघर्ष कर रहा है।
सलमान ने बताया कि उनके नाना ने शादी के बाद लंबे समय तक सलीम खान से दूरी बनाए रखी। हालांकि, छोटे भाई सोहेल खान के जन्म के बाद रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने लगी। सलमान के अनुसार, नाना माहिम से बांद्रा तक जलेबी का डिब्बा लेकर परिवार से मिलने पहुंचे थे। यह मुलाकात दोनों परिवारों के बीच दूरियां कम करने का अहम पड़ाव बनी। बाद में नाना ने इस बात पर अफसोस भी जताया कि नाराजगी के कारण वह अपने नाती-पोतों को बड़ा होते नहीं देख सके।
सलमान ने यह भी बताया कि उनके नाना ने उनकी मां सलमा से कहा था कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं, लेकिन वह अपने पति से झगड़ा करके वापस न आएं। बातचीत के दौरान सलमान ने सलीम खान की दूसरी शादी और परिवार में अभिनेत्री हेलन की जगह का भी जिक्र किया। सलीम खान और सलमा के पांच बच्चे हैं, जिनमें सलमान, अरबाज, सोहेल, अलवीरा और अर्पिता शामिल हैं। बाद में सलीम खान ने हेलन से शादी की। सलमान के मुताबिक, उनकी मां सलमा ने हेलन को परिवार में स्वीकार किया और समय के साथ बच्चे भी उनके करीब आ गए। आज हेलन खान परिवार का अहम हिस्सा हैं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे