फरहान अख्तर की फिल्म में बनेगी सैफ-कियारा की नई जोड़ी

 




बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और कियारा आडवाणी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आने के लिए तैयार हैं। दोनों कलाकार लेखिका-निर्देशक कनिका ढिल्लों की आगामी अलौकिक रोमांचक थ्रिलर में मुख्य भूमिकाएं निभाएंगे। फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट इस फिल्म का निर्माण करेगी। फिल्म की पटकथा पर फिलहाल काम चल रहा है और निर्माताओं की योजना इस साल के अंत तक इसकी शूटिंग शुरू करने की है। खास बात यह है कि कहानी और किरदारों को सैफ और कियारा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।

सूत्र के मुताबिक, यह एक गहन थ्रिलर होगी, जिसमें अलौकिक तत्वों को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। कनिका ढिल्लों, एक्सेल एंटरटेनमेंट और लेखन टीम पिछले काफी समय से इस कहानी पर काम कर रही है। हालांकि, फिल्म की कहानी और इसमें शामिल अलौकिक पहलुओं को फिलहाल गोपनीय रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, निर्माता आने वाले महीनों में फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियों और बाकी कलाकारों को अंतिम रूप दे सकते हैं। शूटिंग इस साल के अंत में शुरू होने की संभावना है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'हैवान' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे। वहीं, कियारा आडवाणी जल्द ही यश के साथ फिल्म 'टॉक्सिक' में दिखाई देंगी। यह फिल्म 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। सैफ और कियारा की पहली ऑन-स्क्रीन जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच भी उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है, खासकर इसलिए क्योंकि दोनों कलाकार पहली बार किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे