'प्रहार' की रिलीज डेट में बदलाव, अब नई तारीख पर पर्दे पर आएगी फिल्म
राजकुमार राव की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'प्रहार- द उज्ज्वल निकम स्टोरी' की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। मैडॉक फिल्म्स ने फिल्म की नई रिलीज तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पहले यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर संभावित टकराव से बचने के लिए निर्माताओं ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया। अब दर्शकों को इस फिल्म के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
निर्माता दिनेश विजान ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए लिखा, अब होगा न्याय का 'प्रहार' 16 अक्टूबर को। इसके साथ ही फिल्म की नई रिलीज तारीख की पुष्टि हो गई है। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिसमें राजकुमार राव देश के चर्चित वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी निकम द्वारा 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी अजमल कसाब के खिलाफ लड़े गए चर्चित मुकदमे से प्रेरित है।
फिल्म में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। 'प्रहार- द उज्ज्वल निकम स्टोरी' को लेकर राजकुमार के किरदार और कहानी को लेकर दर्शकों में पहले से उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि रिलीज डेट में बदलाव के चलते फिल्म के लिए इंतजार जरूर बढ़ गया है। इससे पहले श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' की रिलीज भी आगे बढ़ाकर दिसंबर तक कर दी गई थी। अब 'प्रहार' 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे