एफडब्ल्यूआईसीई ने अपने सदस्यों से रणवीर की किसी परियोजना में काम न करने का दिया निर्देश

 


फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से अचानक अलग होने के बाद अभिनेता रणवीर सिंह मुश्किलों में घिर गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने उनके खिलाफ असहयोग का आदेश जारी करते हुए अपने सदस्यों से रणवीर की किसी भी परियोजना में काम न करने का निर्देश दिया है। बढ़ते विवाद के बीच एफडब्ल्यूआईसीई के अध्यक्ष अशोक पंडित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले के पीछे की वजह स्पष्ट की।

अशोक पंडित ने बताया कि 'डॉन 3' विवाद में निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह पर शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले फिल्म छोड़ने का आरोप लगाया था। उनके अनुसार, अभिनेता के अचानक पीछे हटने से निर्माताओं को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पंडित ने कहा, शिकायत मिलने के बाद हमने मामला औपचारिक रूप से दर्ज किया। रणवीर सिंह को हर 10 दिन के अंतराल पर तीन नोटिस और तीन रिमाइंडर भेजे गए, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

उन्होंने आगे कहा, जब हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का फैसला किया, तभी रणवीर की टीम की ओर से एक ईमेल मिला। उसमें कहा गया कि यह मामला हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और हमें इसमें हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। अभिनेता के इस रुख को ध्यान में रखते हुए हमने आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया। एफडब्ल्यूआईसीई ने अब फिल्म निर्माताओं से भी इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने और संगठन के साथ एकजुटता दिखाने की अपील की है। फेडरेशन का मानना है कि इस तरह की घटनाएं इंडस्ट्री के लिए गलत मिसाल पेश करती हैं और इन्हें बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे