फिल्म 'चांद मेरा दिल' का नया गीत 'ऐतबार' रिलीज
फिल्म 'चांद मेरा दिल' का नया गीत 'ऐतबार' रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। टाइटल ट्रैक को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद निर्माताओं ने यह दूसरा गाना जारी किया है, जो टूटते रिश्ते और बिखरते भरोसे की भावनात्मक कहानी को बयां करता है। इस गीत में अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की जोड़ी प्यार में तड़पते हुए नजर आ रही है। गीत में दोनों कलाकारों की संवेदनशील केमिस्ट्री फिल्म की कहानी की झलक देती है।
'ऐतबार' को गायक फहीम अब्दुल्ला ने अपनी भावुक आवाज दी है, जबकि संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर ने इसे कंपोज किया है। इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। सचिन-जिगर के अनुसार, इस गीत को इस तरह तैयार किया गया है कि संगीत दो लोगों के बीच की खामोशी और दूरी को महसूस करा सके। वहीं फहीम ने कहा कि यह गीत उस एहसास को सामने लाता है, जब रिश्ता होते हुए भी धीरे-धीरे दूर होता चला जाता है।
विवेक सोनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले तैयार हुई है। फिल्म का निर्माण करण जौहर समेत कई निर्माताओं ने किया है। 'चांद मेरा दिल' 22 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। नए गीत 'ऐतबार' के साथ फिल्म के संगीत को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे