मूवी रिव्यू: सनातन रहस्यों और दमदार एक्शन का भव्य संगम है 'नागबंधम-द सीक्रेट ट्रेज़र'
आजकल बड़े पर्दे पर पौराणिक रहस्यों और खजाने की खोज पर आधारित फिल्में कम ही देखने को मिलती हैं। ऐसे में 'नागबंधम- द सीक्रेट ट्रेज़र' एक अलग अनुभव लेकर आती है। निर्देशक अभिषेक नामा ने इतिहास, सनातन परंपराओं, रहस्य और एडवेंचर को मिलाकर एक ऐसी कहानी पेश की है, जो शुरुआत से ही दर्शकों की जिज्ञासा बनाए रखती है। फिल्म अपनी भव्यता, शानदार लोकेशनों और विजुअल स्केल के कारण बड़े पर्दे पर प्रभाव छोड़ती है।
कहानी
फिल्म की कहानी रुद्र के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी एक दर्दनाक घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है। परिवार पर हुए हमले के बाद वह ऐसे रहस्यों की तलाश में निकलता है, जिनका संबंध सदियों पुराने इतिहास, प्राचीन मंदिरों और एक छिपे हुए खजाने से जुड़ा है। इस सफर में उसके सामने कई रहस्य खुलते हैं, जहां नागबंधम, ब्रह्मकमल और सनातन परंपराओं से जुड़े अनकहे राज कहानी का हिस्सा बनते हैं। जैसे-जैसे रुद्र सच के करीब पहुंचता है, उसके सामने नई चुनौतियां और शक्तिशाली दुश्मन खड़े हो जाते हैं। फिल्म रहस्य, रोमांच और एक्शन के साथ आगे बढ़ती है और क्लाइमैक्स तक दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखती है।
अभिनय
रुद्र के किरदार में विराट कर्णा पूरी फिल्म की जान हैं। एक्शन, इमोशन और स्क्रीन प्रेजेंस, तीनों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली है। खासकर एक्शन दृश्यों और पौराणिक अंदाज वाले सीक्वेंस में वह मजबूत छाप छोड़ते हैं।
नभा नतेश अपने किरदार में सहज लगती हैं और कहानी में अच्छा साथ देती हैं। जगपति बाबू, महेश मांजरेकर और मुरली शर्मा अपने अनुभव से फिल्म को मजबूती देते हैं। नकारात्मक भूमिका में रामचंद्र राजू प्रभावी हैं, जबकि ऋषभ साहनी अपने दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से ध्यान खींचते हैं। सहायक कलाकारों ने भी अपने किरदारों के साथ न्याय किया है।
निर्देशन
निर्देशक अभिषेक नामा ने फिल्म को बड़े पैमाने पर पेश करने की कोशिश की है। प्राचीन मंदिर, रहस्यमयी गुफाएं और भव्य सेट्स फिल्म को अलग पहचान देते हैं। सिनेमैटोग्राफी शानदार है और कई दृश्य बड़े पर्दे पर देखने लायक बन पड़े हैं। एक्शन सीक्वेंस अच्छी तरह फिल्माए गए हैं और बैकग्राउंड संगीत रोमांच को और बढ़ाता है। हालांकि दूसरे भाग में कहानी कुछ जगह धीमी पड़ती है और कुछ दृश्य थोड़े लंबे महसूस होते हैं।
फाइनल वर्डिक्ट
'नागबंधम-द सीक्रेट ट्रेज़र' रहस्य, एडवेंचर और पौराणिक कथाओं को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक अच्छा सिनेमाई अनुभव है। फिल्म की भव्य प्रस्तुति, शानदार विजुअल्स, रहस्य से भरी कहानी और विराट कर्णा का दमदार अभिनय इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। अगर आपको इतिहास, प्राचीन मंदिरों के रहस्य और बड़े कैनवास पर बनी एडवेंचर फिल्में पसंद हैं तो यह फिल्म थिएटर में देखी जा सकती है।
मूवी रिव्यू: 'नागबंधम – द सीक्रेट ट्रेज़र'
कलाकार: विराट कर्णा, नभा नतेश, महेश मांजरेकर, जगपति बाबू, मुरली शर्मा, रामचंद्र राजू, अनसूया भारद्वाज, सरन्या पोनवन्नन, ऋषभ साहनी, दक्षा नागरकर
निर्देशक: अभिषेक नामा
निर्माता: किशोर अन्नापुरेड्डी, निशिता नागिरेड्डी
शैली: एक्शन, एडवेंचर, ड्रामा
भाषा: हिंदी, अंग्रेज़ी, कन्नड़, मलयालम, तमिल, तेलुगु
रेटिंग: ⭐⭐⭐½ (3.5/5)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे