फिल्म समीक्षा: जैकी श्रॉफ ने 'काली खेती' में छोड़ी छाप, हारिस इम्तियाज खान ने किया शानदार आगाज

 


मुंबई, 19 नवंबर (हि.स.)। हॉरर फिल्मों में अक्सर डरावने दृश्य और चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलते हैं, लेकिन ‘काली खेती’ इस शैली को एक अलग अंदाज में पेश करती है। फिल्म की कहानी में डर के साथ रहस्य भी जुड़ा है, जो दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखता है।

‘काली खेती’ की खासियत यह है कि कहानी आगे बढ़ने के साथ कई नए सवाल खड़े करती है और उनके जवाब जानने के लिए दर्शक अंत तक जुड़े रहते हैं। निर्देशक हारिस इम्तियाज खान ने हॉरर के लिए एक अलग विषय चुना है, जो फिल्म को खास बनाता है।

कहानी

फिल्म की कहानी रोहित (शरद केलकर), उसकी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) के इर्द-गिर्द घूमती है। रोहित अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है। गांव पहुंचने के बाद किशन को कुछ ऐसी असामान्य बातें नजर आने लगती हैं, जो उसे परेशान करती हैं। दूसरी ओर, रोहित बार-बार नई खेती की बात करता है। आखिर इस खेती के पीछे क्या रहस्य है और इसका परिवार से क्या संबंध है, यही फिल्म का मुख्य आकर्षण है। ग्रामीण परिवेश में रची गई यह कहानी धीरे-धीरे सस्पेंस तैयार करती है। कई बार लगता है कि अब रहस्य खुल जाएगा, लेकिन फिल्म नए मोड़ के साथ दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखती है। इसके ट्विस्ट के बारे में ज्यादा कुछ कहना कहानी का मजा खराब कर सकता है। फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष इसका अलग हॉरर कॉन्सेप्ट है।

अभिनय

जैकी श्रॉफ फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके किरदार में भावनाओं के कई रंग हैं और वह हर परिस्थिति में अपने सहज अभिनय से प्रभावित करते हैं। उनका संवेदनशील और कमजोर नजर आने वाला अंदाज किरदार को और दिलचस्प बनाता है। शरद केलकर भी अपने अभिनय से कहानी को मजबूती देते हैं। वह बिना जरूरत से ज्यादा नाटकीय हुए अपने किरदार की गंभीरता को पर्दे पर उतारते हैं। नेहा सरगम ने राधा की भूमिका में अच्छा काम किया है। शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना अपनी भूमिकाओं में प्रभावी हैं, जबकि स्पंदन ने भी सहज अभिनय किया है। सभी कलाकार कहानी के माहौल को विश्वसनीय बनाने में योगदान देते हैं।

निर्देशक

महज 25 साल की उम्र में हारिस इम्तियाज खान ने अपनी पहली फिल्म के जरिए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। निर्देशन के साथ उन्होंने फिल्म की पटकथा और संवाद भी लिखे हैं। इतनी कम उम्र में एक अलग विषय चुनना और उसे पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सराहनीय है। उनका आत्मविश्वास फिल्म में साफ दिखाई देता है। वह हॉरर को केवल डरावने दृश्यों तक सीमित नहीं रखते, बल्कि कहानी के माहौल और रहस्य के जरिए डर पैदा करते हैं। उनका यह डेब्यू भविष्य के लिए उम्मीद जगाता है।

सिनेमैटोग्राफी और संगीत

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी इसकी खूबी है। गांव के दृश्य कहानी के रहस्यमयी माहौल को बेहतर तरीके से सामने रखते हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन कई दृश्यों में डर का असर बढ़ाते हैं। वीएफएक्स का काम भी बजट के लिहाज से अच्छा है। हालांकि, एडिटिंग में थोड़े सुधार की गुंजाइश है। कुछ हिस्से लंबे महसूस होते हैं, जिससे कहानी की रफ्तार प्रभावित होती है। थोड़ी चुस्त एडिटिंग फिल्म को और प्रभावशाली बना सकती थी।

यह हॉरर फिल्म अलग विषय पर है

'काली खेती' एक अलग विषय पर बनी हॉरर फिल्म है, जो अपने रहस्य और माहौल के दम पर दर्शकों को बांधे रखती है। जैकी श्रॉफ का शानदार अभिनय, शरद केलकर का प्रभावी प्रदर्शन और हारिस इम्तियाज खान का आत्मविश्वास से भरा निर्देशन इसकी बड़ी खूबियां हैं। कुछ छोटी कमियों के बावजूद फिल्म अपने कॉन्सेप्ट और प्रस्तुति से प्रभावित करती है। हॉरर फिल्मों के शौकीनों के लिए यह सिनेमाघरों में देखने लायक विकल्प है।

कलाकार: जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, शाजी चौधरी, वीरेंद्र सक्सेना और स्पंदन

निर्देशक: हारिस इम्तियाज खान

अवधि: 1 घंटा 49 मिनट

प्रदर्शन: सिनेमाघरों में

रेटिंग: 3.5/5

------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे