'बंटवारा 1947' का नया पोस्टर जारी, सामने आए प्रमुख किरदार
आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' के मेकर्स ने मोशन पोस्टर के बाद अब फिल्म के कैरेक्टर पोस्टर्स जारी कर दिए हैं। इन पोस्टर्स में विभाजन के दौर की पीड़ा, साहस, उम्मीद और मानवीय जज़्बे की झलक देखने को मिल रही है। फिल्म उस कठिन समय की कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आएगी, जब बिखरती दुनिया के बीच कुछ लोग हिम्मत और इंसानियत की मिसाल बनकर उभरे थे।
जारी किए गए पोस्टर्स में शबाना आज़मी दुर्गावती देवी (माई), सनी देओल सिकंदर मिर्जा, प्रीति जी. जिंटा हमीदा बेगम, करण देओल जावेद मिर्जा, अली फज़ल हबीब अनवर और अभिमन्यु सिंह याकूब खान के किरदार में नजर आ रहे हैं। सभी पात्रों के लुक्स और भाव उनके संघर्ष, दृढ़ता और भावनात्मक सफर की झलक देते हैं। किशन के पोस्टर ने भी दर्शकों का खास ध्यान खींचा है, जो फिल्म की संवेदनशील और भावनात्मक आत्मा को दर्शाता है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित 'बंटवारा 1947' करीब तीन दशक बाद उनकी और सनी देओल की साथ वापसी का प्रतीक भी है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित यह फिल्म 14 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे