रणबीर के जन्मदिन पर जश्न में डूबी 'लव एंड वॉर' टीम

 


मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। अभिनेता रणबीर कपूर के जन्मदिन के अवसर पर उनकी आगामी फिल्म 'लव एंड वॉर' के सेट पर खास जश्न किया गया। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की पूरी टीम ने रणबीर का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया।

हाल ही में फिल्म के मुख्य कलाकारों के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी होने के बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर पहले से ही काफी उत्सुकता बनी हुई है। ऐसे में सेट से सामने आई जश्न की तस्वीरों ने फिल्म को लेकर चर्चा और बढ़ा दी है।

जन्मदिन के मौके पर निर्देशक संजय लीला भंसाली, कलाकारों और क्रू सदस्यों ने मिलकर विशेष डिनर का आयोजन किया। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में पूरी टीम एक साथ नजर आई। फिल्म से जुड़े लोगों ने रणबीर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ इस खास दिन को यादगार बनाया। सेट पर बने सकारात्मक माहौल और टीम के बीच आपसी तालमेल की भी चर्चा हो रही है।

'लव एंड वॉर' के जरिए पहली बार रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल एक साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। हाल ही में जारी किए गए तीनों कलाकारों के फर्स्ट लुक पोस्टरों को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। निर्माताओं के अनुसार 'लव एंड वॉर' 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे