हंसी, प्यार और कन्फ्यूजन से भरपूर 'प्रेम कीटाणु' का ट्रेलर आया सामने
मुंबई, 22 सितंबर (हि.स.)। अक्षय कुमार की फिल्म 'स्काई फोर्स' में गंभीर भूमिका निभाने के बाद अभिनेता वीर पहाड़िया अब एक अलग अंदाज में दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। उनकी आगामी फिल्म 'प्रेम कीटाणु' का मंगलवार 22 सितंबर ट्रेलर जारी कर दिया गया है। अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी यह फिल्म कॉमेडी और ड्रामा के साथ युवा प्रेम की उलझनों को पर्दे पर पेश करती है। फिल्म में वीर के साथ आसिफा सैयद नजर आएंगी, जो इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।
ट्रेलर में कॉलेज की जिंदगी, दोस्ती, प्यार और रिश्तों के बीच पैदा होने वाली मजेदार परिस्थितियों की झलक देखने को मिलती है। वीर फिल्म में विशाल नाम के कॉलेज छात्र की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे सुहानी से प्यार हो जाता है। सुहानी का किरदार आसिफा सैयद निभा रही हैं। कहानी में तब नया मोड़ आता है, जब अपारशक्ति खुराना का किरदार रणजीत भी सुहानी को अपने करीब लाने की कोशिश करता है।
इसके बाद कहानी एक दिलचस्प प्रेम त्रिकोण में बदल जाती है। विशाल और रणजीत के बीच सुहानी को लेकर होने वाली खींचतान के साथ फिल्म में हास्य और भावनाओं का तड़का देखने को मिलता है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फिल्म युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर दोस्ती और प्रेम की कहानी को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है।
'प्रेम कीटाणु' का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है। फिल्म में वीर पहाड़िया पहली बार कॉमेडी और रोमांटिक अंदाज में नजर आएंगे। वहीं आसिफा सैयद के लिए यह बॉलीवुड में नई शुरुआत है। फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे