'मडगांव एक्सप्रेस 2' के लिए कुणाल खेमू ने कसी कमर

 




अभिनेता से निर्देशक बने कुणाल खेमू अपनी चर्चित कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस' के सीक्वल की तैयारियों में जुट गए हैं। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और अब कुणाल एक बार फिर प्रतीक गांधी, दिव्येंदु और अविनाश तिवारी की तिकड़ी को पर्दे पर वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'मडगांव एक्सप्रेस 2' का प्री-प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है और सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो फिल्म की शूटिंग 2027 के फरवरी या मार्च में शुरू हो सकती है।

सीक्वल में प्रतीक गांधी, दिव्येंदु और अविनाश तिवारी अपने पुराने किरदारों को दोबारा निभाते नजर आएंगे। तीनों कलाकार भी फिल्म की अगली कड़ी को लेकर उत्साहित बताए जा रहे हैं। फिल्म की पटकथा कुणाल खेमू ने खुद लिखी है और निर्देशन की जिम्मेदारी भी वही संभालेंगे। बताया जा रहा है कि कुणाल की कोशिश है कि सीक्वल में कहानी और किरदारों को जबरदस्ती आगे बढ़ाने के बजाय पहले भाग से उनका स्वाभाविक विस्तार दिखाया जाए।

'मडगांव एक्सप्रेस' तीन दोस्तों की कहानी थी, जिनका गोवा का सफर अप्रत्याशित घटनाओं से भर जाता है। फिल्म में प्रतीक गांधी, दिव्येंदु और अविनाश तिवारी की दोस्ती और कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने पसंद किया था। कुणाल खेमू के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 30 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। अब सीक्वल में तीनों दोस्तों की दोस्ती और नए रोमांच को किस तरह आगे बढ़ाया जाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे