निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'ऑपरेशन सिंदूर' में नजर आएंगे कार्तिक आर्यन
मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'ऑपरेशन सिंदूर' में अभिनेता कार्तिक आर्यन नजर आ सकते हैं। इस फिल्म में उन्हें मुख्य भूमिका के लिए चुना गया है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी तक उनके जुड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस फिल्म की घोषणा विवेक ने इसी साल मार्च में की थी। यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस 'टिनी' ढिल्लों की किताब 'ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान' पर आधारित है।
रिपोर्ट के अनुसार कार्तिक फिलहाल निर्देशक शिमित अमीन की फिल्म 'कैप्टन इंडिया' में व्यस्त हैं। यह फिल्म यमन में हूथी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी शूटिंग पूरी करने के बाद वह 'ऑपरेशन सिंदूर' की तैयारियों में जुट सकते हैं। 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द वैक्सीन वॉर' जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले विवेक अग्निहोत्री के साथ कार्तिक की यह पहली फिल्म होगी। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार की टी-सीरीज और विवेक अग्निहोत्री की आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस मिलकर कर रहे हैं।
विवेक के मुताबिक, 'ऑपरेशन सिंदूर' को केवल देशभक्ति या एक्शन ड्रामा तक सीमित नहीं रखा जाएगा। फिल्म के लिए गहन शोध किया जा रहा है, ताकि घटनाओं को यथार्थ के करीब पेश किया जा सके। इसकी कहानी पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना की जवाबी सैन्य कार्रवाई की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। फिल्म में 6 से 10 मई 2025 के दौरान हुए ऑपरेशन से जुड़ी घटनाओं को प्रमुखता से दिखाए जाने की बात कही जा रही है। अब दर्शकों को फिल्म की आधिकारिक कास्टिंग और अन्य विवरणों का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे