कंधे में चोट लगने से घायल हुए जूनियर एनटीआर, डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह
साउथ भारतीय फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता जूनियर एनटीआर को कंधे में चोट लग गई है। उनकी टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर अभिनेता के स्वास्थ्य की जानकारी दी है। बयान के अनुसार, रविवार को एक गतिविधि के दौरान जूनियर एनटीआर के कंधे में चोट आई। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनकी पूरी जांच की। डॉक्टर जे. मधुसूदन राव और डॉ. आर. ए. पूर्णचंद्र तेजस्वी की देखरेख में उनका मेडिकल परीक्षण किया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद जूनियर एनटीआर को अगले 6 से 8 सप्ताह तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। चिकित्सकों का कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए उन्हें इस दौरान किसी भी तरह की शारीरिक गतिविधि से बचना होगा। टीम ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभिनेता की हालत पूरी तरह स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। वह फिलहाल घर पर आराम कर रहे हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
जूनियर एनटीआर की टीम ने प्रशंसकों, शुभचिंतकों और मीडिया से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। अभिनेता के स्वास्थ्य और उनके काम पर लौटने से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही शेयर की जाएगी। टीम ने इस दौरान मिल रहे प्यार, दुआओं और समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद भी व्यक्त किया है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे