जियो हॉटस्टार पर छाई फिल्म 'झाड़फूँक'
मुंबई, 06 नवंबर (हि.स.)। हॉरर और सस्पेंस से भरपूर फिल्म 'झाड़फूँक' ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर दर्शकों का ध्यान खींच रही है। 30 अक्टूबर को रिलीज हुई यह फिल्म प्लेटफॉर्म पर अंग्रेजी फिल्म 'ऑब्सेशन' के बाद दूसरे स्थान पर ट्रेंड कर रही है, जबकि हिंदी फिल्मों की श्रेणी में पहले नंबर पर है। फिल्म की कहानी जंगल, रहस्यमयी हवेली और अलौकिक घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दर्शकों को डर और रोमांच का अनुभव कराती है।
फिल्म की कहानी उत्तराखंड की पहाड़ियों में रहने वाली आस्था की जिंदगी में आए एक बड़े बदलाव को दिखाती है। सड़क दुर्घटना के बाद गर्भवती आस्था एक अनजान हवेली में शरण लेती है। वहां रहने वाला परिवार शुरुआत में मददगार दिखाई देता है, लेकिन जल्द ही हवेली में अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं। इसी बीच उसका साथी अचानक लापता हो जाता है। अपने होने वाले बच्चे की सुरक्षा और साथी की तलाश के बीच आस्था कई रहस्यों में उलझ जाती है। हवेली में रहने वाले लोगों का व्यवहार और आसपास के जंगल में घटने वाली घटनाएं कहानी के सस्पेंस को लगातार बढ़ाती हैं।
राजन रामगोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यशपाल शर्मा, पद्मिनी कोल्हापुरे, सुम्बुल तौकीर खान, हर्ष राजपूत और अप्रतिम सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं। सुम्बुल ने आस्था के किरदार में डर और भावनात्मक संघर्ष को पर्दे पर उतारा है, जबकि यशपाल शर्मा अपनी दमदार मौजूदगी से कहानी को प्रभावी बनाते हैं। पद्मिनी कोल्हापुरे और अन्य कलाकारों ने भी कहानी में रहस्य और रोमांच का माहौल बनाने में योगदान दिया है। नीव एंटरटेनमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता शैलेश परिहार और सह-निर्माता वृंदा ब्रह्मभट्ट हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे