'जेलर 2' की टक्कर में ‘उड़ता तीर’ की कमाई पर लगा ब्रेक
मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बॉक्स ऑफिस पर रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' का दबदबा दूसरे सप्ताह भी कायम है। वहीं, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अभिनीत 'उड़ता तीर' को कमाई के मोर्चे पर संघर्ष करना पड़ रहा है। फिल्म ने रिलीज के तीन दिनों में 19.45 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया है। दूसरी ओर, यामी गौतम की 'नई नवेली' और राजकुमार राव-वामिका गब्बी की 'प्रहार' की कमाई में भी गिरावट देखने को मिल रही है।
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'जेलर 2' ने रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे रविवार को भारत में 25.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे एक दिन पहले फिल्म ने 24.15 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 398.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। विदेशों में 11वें दिन 10 करोड़ रुपये की कमाई के बाद इसका कुल विदेशी कारोबार 243.50 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म का दुनियाभर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 710.35 करोड़ रुपये बताया गया है।
आयुष्मान खुराना की 'उड़ता तीर' ने तीसरे दिन 8.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। शुरुआती दो दिनों की 11.35 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का घरेलू नेट कारोबार 19.45 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में फिल्म ने अब तक 4.50 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि इसका वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन 27.58 करोड़ रुपये बताया गया है। उधर, 'नई नवेली' ने रिलीज के 10वें दिन 95 लाख रुपये कमाए, जिससे इसका घरेलू नेट कलेक्शन 24.60 करोड़ रुपये और दुनियाभर का कारोबार 32.31 करोड़ रुपये हो गया। राजकुमार राव और वामिका गब्बी की 'प्रहार' ने 10वें दिन 1.20 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 20.10 करोड़ रुपये और वैश्विक कारोबार 26.78 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे