जैग़म इमाम ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को बताई 'द नर्मदा स्टोरी' की खासियत
आगामी हिंदी फिल्म 'द नर्मदा स्टोरी' की टीम ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्देशक जैग़म इमाम और अभिनेता शरद सिंह मौजूद रहे। मुलाकात में फिल्म की विषयवस्तु, इसके निर्माण और मध्य प्रदेश से इसके गहरे जुड़ाव पर चर्चा की गई। निर्देशक ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिल्म पूरी तरह मध्य प्रदेश में शूट की गई है और इसमें प्रदेश की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य तथा सामाजिक परिवेश को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी महत्वपूर्ण अवसर दिए गए हैं।
फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, इश्तियाक़ खान, सदानंद पाटिल और आईपीएस अधिकारी-अभिनेत्री सिमाला प्रसाद प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। साथ ही रंगमंच और सिनेमा जगत के वरिष्ठ कलाकार आलोक चटर्जी की यह अंतिम फिल्म होगी, जो उनके योगदान को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी मानी जा रही है। फिल्म की खास बात यह है कि इसमें मध्य प्रदेश के शहरों और स्थानों के वास्तविक नामों का उपयोग किया गया है तथा पहली बार किसी मुख्यधारा हिंदी फिल्म में एक आदिवासी महिला पुलिस अधिकारी को केंद्रीय किरदार में प्रस्तुत किया गया है।
निर्देशक जैग़म इमाम ने कहा कि मध्य प्रदेश में फिल्मांकन का अनुभव बेहद सुखद रहा और उन्हें विश्वास है कि फिल्म के जरिए दर्शक प्रदेश की सुंदरता, विविधता और सांस्कृतिक विरासत को नए नजरिए से देख पाएंगे। ‘द नर्मदा स्टोरी’ केवल एक क्राइम-थ्रिलर नहीं, बल्कि महिला पुलिस कर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करने वाली कहानी है। एबी इन्फोसॉफ्ट क्रिएशन और गोल्डन रेशियो के बैनर तले बनी इस फिल्म में सिमाला प्रसाद, अंजलि पाटिल, अश्विनी कलसेकर, ज़रीना वहाब, रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक़ खान अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे