'इक्का' में आमने-सामने होंगे सनी देओल और अक्षय खन्ना, मेकर्स ने घोषित की रिलीज तारीख
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल और अक्षय खन्ना एक बार फिर बड़े प्रोजेक्ट में साथ नजर आने वाले हैं। दोनों कलाकार आगामी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'इक्का' में आमने-सामने दिखाई देंगे। नेटफ्लिक्स ने फिल्म का नया दमदार पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 10 जुलाई को सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। खास बात यह है कि सनी देओल इस फिल्म के जरिए अपना ओटीटी डेब्यू भी करने जा रहे हैं।
निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी 'इक्का' एक गंभीर कानूनी ड्रामा है, जिसमें केवल अदालत की बहसें ही नहीं, बल्कि किरदारों की सोच, उनके नैतिक संघर्ष और सही-गलत के बीच की जंग को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसी कानूनी लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां विचारधाराओं का टकराव और अतीत के रहस्य घटनाओं को नया मोड़ देते हैं। पोस्टर में सनी और अक्षय का गंभीर और प्रभावशाली अंदाज दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है।
अल्केमी फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में तिलोत्तमा शोम और दीया मिर्जा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। करीब 29 साल बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी को एक साथ देखने का मौका मिलने वाला है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। निर्माताओं को उम्मीद है कि दमदार कहानी और मजबूत स्टारकास्ट के दम पर 'इक्का' दर्शकों को एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे