तलाक पर हंसिका मोटवानी की पहली प्रतिक्रिया

 




अभिनेत्री हंसिका मोटवानी ने पति सोहेल खतुरिया से तलाक की खबरों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। एक महीने की चुप्पी तोड़ते हुए हंसिका ने कहा कि किसी गलत रिश्ते में घुटकर जीने से बेहतर है, समय रहते उससे बाहर निकल जाना। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपने फैसले को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं है और अब वह मानसिक रूप से पहले से ज्यादा शांत महसूस कर रही हैं।

एक बातचीत में हंसिका ने कहा कि लोगों को मसालेदार खबरें चाहिए थीं और उन्हें वही मिला, लेकिन उन्होंने कभी सफाई देना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने अपने फैसले की तुलना गलत ट्रेन से उतरने से करते हुए कहा कि दुख सहते रहने से बेहतर है खुद को बचा लिया जाए। अभिनेत्री ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मानसिक शांति और आत्मसम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए।

हंसिका ने बताया कि इस मुश्किल दौर में उनका परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा। खासकर उनकी मां और भाई ने उन्हें बिना शर्त समर्थन दिया और अपनी खुशी को सबसे ऊपर रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमेशा मुस्कुराने वाली उनकी छवि के पीछे वह एक कठिन दौर से गुजर रही थीं, जिसे उनके करीबियों ने महसूस किया और उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।

दिसंबर 2022 में जयपुर के मुंडोता फोर्ट में शाही अंदाज में हुई हंसिका और सोहेल की शादी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस शादी को डिज्नी+हॉटस्टार की डॉक्यूमेंट्री 'हंसिका लव शादी ड्रामा' में भी दिखाया गया था। अब इस रिश्ते के खत्म होने के बाद हंसिका ने साफ कर दिया है कि कुछ निजी बातों को निजी रखना ही बेहतर होता है और वह अब अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने पर ध्यान दे रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे