एक्शन अवतार में लौटेंगे इमरान हाशमी, 'गनमास्टर G9' की रिलीज डेट सामने आई

 




इमरान हाशमी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'आवारापन 2' की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इसी बीच अभिनेता ने अपनी अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म 'गनमास्टर G9' की रिलीज डेट का ऐलान कर फैंस को एक और तोहफा दिया है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस एक्शन एंटरटेनर में इमरान के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है और इसका निर्माण सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया गया है।

इमरान हाशमी ने सोशल मीडिया पर फिल्म की एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए इसकी रिलीज तारीख की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 'गनमास्टर G9' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट सामने आते ही फिल्म के बॉक्स ऑफिस मुकाबले की भी चर्चा शुरू हो गई है। इसी तारीख को आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' भी सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। ऐसे में नवंबर के आखिरी सप्ताह में दोनों फिल्मों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

दिलचस्प बात यह है कि इमरान हाशमी की हालिया फिल्म 'आवारापन 2' भी बॉक्स ऑफिस पर टकराव के बीच रिलीज हुई थी। 14 अगस्त को सिनेमाघरों में आई इस फिल्म का सामना सनी देओल की 'बंटवारा 1947' से हुआ। अब 'गनमास्टर G9' के लिए भी रिलीज से पहले ही मुकाबले की स्थिति बन गई है। 'आवारापन 2' की सफलता के बाद इमरान के लिए यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करने का एक और मौका होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे