'वन' अब नई तारीख पर होगी रिलीज
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की रिलीज तारीख बदल दी गई है। बालाजी मोशन पिक्चर्स ने मोशन पोस्टर जारी कर घोषणा की है कि फिल्म अब 28 अगस्त के बजाय 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
दीपक मिश्रा और अरुणभ कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले रक्षाबंधन के मौके पर प्रदर्शित होने वाली थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर होने वाले बड़े मुकाबले से बचने के लिए निर्माताओं ने रिलीज आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
निर्माता एकता कपूर द्वारा शेयर किए गए एनिमेटेड मोशन पोस्टर में त्रिशूल थामे एक रहस्यमयी व्यक्ति को बाघ और नंदी के बीच खड़े दिखाया गया है। पोस्टर में बिजली की चमक और पौराणिक प्रतीकों का इस्तेमाल फिल्म के रहस्य और रोमांच को और बढ़ाता है। पोस्ट के साथ लिखा गया, बाघ की दहाड़ है... नंदी उसकी शक्ति है। और वन... उसकी कहानी। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
बताया जा रहा है कि अगस्त में श्रद्धा कपूर की 'ईथा' और यश की 'टॉक्सिक' जैसी बड़ी फिल्मों की रिलीज तय होने के कारण निर्माताओं ने फिल्म को एकल रिलीज देने की रणनीति अपनाई है। अब सितंबर में फिल्म को दर्शकों का पूरा ध्यान मिलने की उम्मीद है। सिनेमाघरों में प्रदर्शन के बाद 'वन- फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का प्रदर्शन अमेजन प्राइम वीडियो पर भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे