फिल्म 'जन नायकन' रिलीज से पहले हुई लीक, निर्माताओं की चिंता बढ़ी
थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' रिलीज से पहले ही मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। सेंसर प्रक्रिया में देरी के बाद अब फिल्म के लीक होने की खबर ने निर्माताओं की चिंता बढ़ा दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का करीब 5 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। इस क्लिप में कथित तौर पर फिल्म के टाइटल क्रेडिट्स और विजय के शुरुआती इंट्रो सीन की झलक देखने को मिल रही है। यह वीडियो तेजी से अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है, जिससे फैंस में भारी नाराजगी है।
फैंस ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रोडक्शन हाउस केवीएन प्रोडक्शन को टैग कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस लीक क्लिप को आगे शेयर न करें, क्योंकि इससे फिल्म को नुकसान पहुंच सकता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो एडिटिंग के दौरान लीक हुआ हो सकता है, क्योंकि क्लिप के अंत में एक व्यक्ति को रिकॉर्डिंग रोकते हुए देखा गया है। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे