इतिहास पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आखरी सवाल' का दमदार टीजर रिलीज

 


राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आखरी सवाल' का दमदार टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में संजय दत्त मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जारी इस टीज़र ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। निखिल नंदा द्वारा निर्मित यह फिल्म अपने संवेदनशील और साहसिक विषय के चलते खास ध्यान खींच रही है।

'आखरी सवाल' का टीज़र इतिहास के उन जटिल और विवादित पहलुओं को छूता है, जिन पर लंबे समय से बहस होती रही है। महात्मा गांधी की हत्या के बाद लगे प्रतिबंधों से लेकर बाबरी मस्जिद विवाद जैसे मुद्दों को फिल्म में उठाया गया है। टीज़र का अंदाज बेबाक और सीधा है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है और एक नई बहस को जन्म देने का संकेत देता है।

फिल्म की कहानी विक्की नाम के एक युवा स्कॉलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गुरु प्रोफेसर गोपाल नडकर्णी पर पक्षपात का आरोप लगाता है। एक निजी शैक्षणिक विवाद धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर की बहस में बदल जाता है। गुरु-शिष्य के बीच टकराव और सच्चाई की खोज फिल्म का मूल आधार है, जो अंत में एक ऐसे रहस्य से पर्दा उठाती है, जो दोनों के जीवन को बदल सकता है।

फिल्म में अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। उत्कर्ष नैथानी द्वारा लिखी गई इस फिल्म का संगीत मोंटी शर्मा ने तैयार किया है। 'आखरी सवाल' 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और अपने विषय के कारण दर्शकों के बीच गंभीर चर्चा का केंद्र बनने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे