शहनाज गिल और जय रंधावा की फिल्म 'इश्कनामा' का ट्रेलर रिलीज

 


शहनाज गिल और जय रंधावा अभिनीत पंजाबी पीरियड रोमांस फिल्म 'इश्कनामा' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। निर्देशक अरविंदर एस. खैरा की यह फिल्म भारत-पाकिस्तान सीमा पर जन्मी एक सच्ची प्रेम कहानी पर आधारित है। ट्रेलर में भावनात्मक प्रेम, बंटवारे का दर्द और सरहदों से परे रिश्तों की गहराई को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म 24 जुलाई को भारत, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

प्रशंसित पुस्तक 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' से प्रेरित यह फिल्म 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे पंजाब की पृष्ठभूमि में रची गई है। कहानी भारतीय पंजाब के युवा सिख शायर निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा की प्रेम गाथा पर आधारित है, जो बंटवारे की त्रासदी और सरहदों की दीवारों के बावजूद अपने प्रेम को जिंदा रखने का संघर्ष करते हैं। निर्माताओं के अनुसार, यह कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और निम्मा आज भी भारत में जीवित हैं, जबकि नसीमा के इंग्लैंड चले जाने की बात कही जाती है।

निर्देशक अरविंदर एस. खैरा ने कहा कि 'इश्कनामा' सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि इतिहास के पन्नों में दर्ज एक ऐसी सच्ची दास्तान है, जिसे बड़े पर्दे पर पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। वहीं शहनाज गिल ने नसीमा के किरदार को अपने करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक बताया है, जबकि जय रंधावा ने इसे प्रेम, त्याग, इंतजार और किस्मत की कहानी करार दिया।

अरविंदर एस. खैरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सौरभ राणा ने किया है। फिल्म में शहनाज गिल, जय रंधावा और सौरभ सचदेवा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे