बॉक्स ऑफिस पर छाई 'धमाल 4', मंगलवार को 9.50 करोड़ रुपये

 




अजय देवगन अभिनीत कॉमेडी-ड्रामा 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी रखे हुए है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने कारोबारी दिनों में भी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म अब 100 करोड़ क्लब में शामिल होने से कुछ ही कदम दूर है, जबकि विश्व स्तर पर यह पहले ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन (मंगलवार) 9.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले चौथे दिन फिल्म ने 8.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। पांच दिनों में फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन 83.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 115.44 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। करीब 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक अपनी लागत का लगभग 50 प्रतिशत वसूल लिया है।

साल 2007 में शुरू हुई लोकप्रिय 'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी कड़ी में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, अंजलि आनंद और संजीदा शेख अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को मिल रहे सकारात्मक दर्शक समर्थन को देखते हुए फिल्म जल्द 100 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे