'दृश्यम 3' की रिलीज डेट बदली, नई तारीख का ऐलान
मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की आगामी फिल्म 'दृश्यम 3' का इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे हैं। पहले इसकी रिलीज तारीख 2 अप्रैल चुनी गई थी, लेकिन कुछ वक्त से इसमें बदलाव की खबरें सामने आने लगी है।
अब खुद सुपरस्टार ने इन खबरों की पुष्टि कर दी है। उन्होंने फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए इसकी नई रिलीज तारीख से पर्दा उठाया है। दिलचस्प बात यह है कि 'दृश्यम 3' की रिलीज के लिए बेहद खास दिन को चुना गया है।
'दृश्यम 3' इस तारीख को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर 'दृश्यम 3' की नई रिलीज तारीख बताई है। पोस्ट के मुताबिक, फिल्म अब 21 मई को रिलीज होगी, जिस दिन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता का जन्मदिन भी है।
सुपरस्टार ने पोस्ट जारी करते हुए कैप्शन दिया, 'अतीत कभी चुप नहीं रहता... वह सिर्फ इंतजार करता है। जॉर्जकुट्टी आ रही है, 21 मई, 2026 'दृश्यम 3' दुनिया भर में रिलीज।' फिल्म के नए पोस्टर में मोहनलाल 'जॉर्जकुट्टी' के किरदार में बेहद शांत दिखाई दे रहे हैं।
'दृश्यम 3' की रिलीज तारीख बदलने के पीछे का कारण नहीं बताया गया है। कुछ दिन पहले ट्रेड ट्रैकर श्रीधर पिल्लई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि खाड़ी देशों में पैदा हुई स्थिति के कारण यह बदलाव किया जा सकता है। दरअसल, खाड़ी देशों में मलयालम सिनेमा का बड़ा बाजार है और निर्माता कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। इससे पहले, यश अभिनीत 'टॉक्सिक' की रिलीज तारीख जून, 2026 तक के लिए स्थगित की जा चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे