सूरज बड़जात्या की फिल्म की शूटिंग को लेकर आयुष्मान ने खोले दिलचस्प राज
मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों कलाकारों के काम के घंटों और बेहतर कार्य माहौल को लेकर बहस जारी है। पिछले साल दीपिका पादुकोण ने आठ घंटे की शिफ्ट की मांग उठाई थी, जिसके बाद यह मुद्दा लगातार चर्चा में है।
इसी बीच अभिनेता आयुष्मान खुराना और शरवरी ने फिल्म निर्देशक सूरज बड़जात्या के साथ काम करने का अनुभव शेयर किया है। दोनों ने बताया कि सूरज के सेट पर काम के साथ-साथ कलाकारों और पूरी टीम की सेहत और आराम का भी विशेष ध्यान रखा जाता है।
आयुष्मान ने सूरज के साथ काम करने को आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए कहा कि वह कलाकारों और उनकी कला को प्राथमिकता देते हैं। उनके मुताबिक, सूरज बेहद विनम्र हैं और 61 साल की उम्र में भी लगातार कुछ नया सीखने की कोशिश करते हैं। आयुष्मान ने बताया कि उनकी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक दिन में आठ से दस घंटे से ज्यादा काम नहीं किया जाता था। सूरज अक्सर कलाकारों से कहते थे कि वे घर जाकर आठ घंटे की नींद लें, क्योंकि पर्दे पर अच्छा दिखने के लिए उनका तरोताजा रहना जरूरी है। उनका मानना है कि सेट पर सकारात्मक ऊर्जा का असर फिल्म में भी दिखाई देता है।
शरवरी ने भी सूरज बड़जात्या की कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बड़े कलाकारों, लाइटमैन और सहायक निर्देशकों सहित पूरी टीम के साथ काम करते हुए सूरज हर व्यक्ति का ख्याल रखते हैं। उनके सेट पर अनुशासन के साथ सम्मान और अपनापन भी देखने को मिलता है। सूरज के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में आयुष्मान लोकप्रिय किरदार 'प्रेम' के रूप में नजर आएंगे। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के निर्माण में बनी इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे