9 बदलाव के बाद 'आवारापन 2' को मिली सेंसर बोर्ड की मंजूरी

 


इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया पूरी कर चुकी है। विशेष भट्ट के निर्माण और नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने यूए 16+ प्रमाणपत्र के साथ मंजूरी दे दी है। हालांकि, बोर्ड ने फिल्म को पास करने से पहले निर्माताओं को 9 जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए, जिन्हें पूरा करने के बाद 5 अगस्त को फिल्म को प्रमाणपत्र जारी किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, सीबीएफसी की जांच समिति ने फिल्म में मौजूद कुछ हिंसात्मक दृश्यों को कम करने, अपशब्दों में कटौती करने और नशीली दवाओं, धूम्रपान तथा बाल तस्करी से संबंधित चेतावनी संदेश जोड़ने के निर्देश दिए थे। निर्माताओं ने सभी संशोधन पूरे करने के बाद फिल्म को दोबारा बोर्ड के समक्ष पेश किया, जिसके बाद इसे प्रदर्शन की अनुमति मिल गई। फिल्म को यूए 16+ श्रेणी में प्रमाणित किया गया है, यानी 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शक इसे अभिभावकों के मार्गदर्शन में देख सकेंगे।

'आवारापन 2' की कुल अवधि 2 घंटे 20 मिनट 20 सेकंड है। 2007 में आई इमरान हाशमी की चर्चित फिल्म 'आवारापन' के इस सीक्वल में उनके साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में शबाना आजमी भी अहम किरदार निभा रही हैं। 14 अगस्त 2026 को हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल के साथ रिलीज होने जा रही इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर सनी देओल की 'बटवारा 1947' से होगी। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड पर दोनों फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे