एआर रहमान ने आशा भोसले को समर्पित किया 'आशा फॉरएवर'
महान गायिका आशा भोसले के जन्मदिन पर संगीतकार एआर रहमान ने उन्हें खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में रहमान ने 'आशा फॉरएवर' नाम से एक खास गाना जारी किया। इस मौके पर मंत्री आशीष शेलार और आशा भोसले की पोती जनाई भोसले भी मौजूद थीं। रहमान ने कहा कि आशा भोसले महाराष्ट्र और पूरे देश का गौरव थीं और उन्होंने भारतीय संगीत को दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
'आशा फॉरएवर' की खास बात यह है कि इसे आशा भोसले के जीवनकाल में ही एआर रहमान के साथ रिकॉर्ड किया गया था। इसमें लंदन के ट्रिनिटी लाबान कंजर्वेटोयर ऑफ म्यूजिक एंड डांस के छात्र और संगीतकार भी शामिल हैं। गाने की शूटिंग लंदन और मुंबई में हुई है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। रहमान ने कहा कि आशा भोसले की आवाज और संगीत ने हर सीमा को पार किया और उनकी विरासत को याद करना उनके लिए बेहद खास है।
इस गीत की योजना आशा भोसले के जीवनकाल में ही बनाई गई थी। उनके निधन के बाद इस योजना को पूरा करने के लिए उनकी सहमति से एआई तकनीक की मदद से कुछ दृश्य तैयार किए गए। 'आशा फॉरएवर' को भारत में रूफ रिकॉर्ड्स ने जारी किया है और यह दुनिया के प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे