57वें इफ्फी का पणजी में समापन: फिल्म 'अकी' को गोल्डन पीकॉक; 'कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1' के लिए ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता अवार्ड
पणजी, 28 नवंबर (हि.स.) गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का शनिवार को समापन हो गया। इस समारोह में फिल्म 'अकी' (Aqui) को सर्वश्रेष्ठ फिल्म के प्रतिष्ठित 'गोल्डन पीकॉक' पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि अभिनेता एवं फिल्म निर्माता ऋषभ शेट्टी ने 'कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार और 'स्पेशल मेंशन' दोनों अपने नाम हासिल किए।
नौ दिवसीय इस भव्य फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में दिग्गज जर्मन फिल्म निर्माता वोल्कर श्लोंडॉर्फ को उनकी फिल्म 'विजिटेशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार मिला, वहीं माया ओ'रूर्क को 'द मेल्टडाउन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया।
लुकास ए विग्नाले की फिल्म 'द रिवर ट्रेन' को 'स्पेशल जूरी अवार्ड' से सम्मानित किया गया, जबकि 'द गोल्डन एज (एल'एज डी'ओर)' ने किसी निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फीचर फिल्म के लिए 'सिल्वर पीकॉक' ट्रॉफी जीती।
भारतीय और विशेष श्रेणियों में, डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने 'हनुमान अंश' के लिए भारतीय फीचर फिल्म के सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार जीता, जबकि 'मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी' ने सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) का पुरस्कार हासिल किया।
प्रतिष्ठित आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक तुर्की की फिल्म 'रहमा' को प्रदान किया गया, जिसका निर्देशन फैसल सोयसल ने किया है। समारोह में गोवा के फिल्म निर्माता आदित्य सुहास जंभाले को भी विशेष सम्मान (स्पेशल ऑनर) से नवाजा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने फिल्म जगत के लोगों का अभिनंदन किया और कहा कि यह तटीय राज्य पिछले 22 वर्षों से इफ्फी का सफलतापूर्वक आयोजन कर रहा है। इस वर्ष की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' (सीमाओं से परे कहानियां) सुझाने के लिए महोत्सव निदेशक और प्रख्यात फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर की सराहना करते हुए सावंत ने कहा, दुनिया एक रंगमंच है और सिनेमा उसका खूबसूरत आईना है।
महोत्सव की भव्यता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष रूस साझीदार देश (पार्टनर कंट्री) था और नौ दिनों के दौरान कुल 17 सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को पूरा करने के लिए हमारे युवा अनुसंधान, डिजिटलीकरण और नवाचार (रिसर्च, डिजिटाइजेशन और इनोवेशन) के माध्यम से 'विकसित भारत' बनाएंगे।
समापन समारोह में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव चंचल कुमार, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के अध्यक्ष जी कृष्ण कुमार और महोत्सव निदेशक आशुतोष गोवारिकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
57वें इफ्फी के विजेताओं की पूरी सूची:
- गोल्डन पीकॉक (सर्वश्रेष्ठ फिल्म): अकी (Aqui)
- सिल्वर पीकॉक (सर्वश्रेष्ठ निर्देशक): वोल्कर श्लोंडॉर्फ (विजिटेशन)
- सिल्वर पीकॉक (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता - पुरुष): ऋषभ शेट्टी (कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1)
- सिल्वर पीकॉक (सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री - महिला): माया ओ'रूर्क (द मेल्टडाउन)
- स्पेशल जूरी अवार्ड: द रिवर ट्रेन (निर्देशक: लुकास ए विग्नाले)
- सिल्वर पीकॉक (निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फीचर फिल्म): द गोल्डन एज (एल'एज डी'ओर)
- स्पेशल मेंशन: ऋषभ शेट्टी (कांतारा: ए लीजेंड चैप्टर 1)
- भारतीय फीचर फिल्म का सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक: डॉ. विशाल चतुर्वेदी (हनुमान अंश)
- सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) पुरस्कार: मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी
- आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक: रहमा (निर्देशक: फैसल सोयसल, तुर्की)
- विशेष सम्मान (स्पेशल ऑनर): आदित्य सुहास जंभाले (फिल्म निर्देशक, गोवा)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया