Vastu Tips: घर के लिए कैसी मोर की मूर्ति होती है शुभ?

 

हिंदू धर्म में वास्तु शास्त्र का बहुत अधिक महत्व है।इसी के अनुसार घर के अंदर हर चीज को रखने का एक निश्चित स्थान बताया गया है। इसमें घर के कमरे, रसोई, बाथरूम, लाइट आदि से लेकर चीजों को रखने की भी एक निश्चित जगह होती है। अक्सर आपने देखा होगा लोग अपने घरों में कई तरह के जानवरों की तस्वीरें और मूर्तियां रखते हैं। उन्हीं में से एक हमारा राष्ट्रीय पक्षी मोर है। मोर भारतीय संस्कृति में सौभाग्य, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। यह भगवान शिव के बेटे कार्तिकेय की सवारी है, जो कि गॉड ऑफ वॉर भी है। ऐसे में इस पक्षी को ज्ञान, बलवान और रक्षा का सूचक माना गया है।

अक्सर आपने लोगों के घरों में मोर की मूर्ति रखे देखी होगी। फेंगशुई के अनुसार भी घर में मोर की मूर्ति रहने से सुख-शांति का माहौल बना रहता है। साथ ही, मोर को घर में रखने से नेगेटिव ऊर्जा भी नहीं आती है, लेकिन वास्तु के अनुसार घर के अंदर कुछ भी रखने का एक स्थान और दिशा का चयन करना बहुत जरूरी होता है। यदि आप इसके विपरीत इनको रखते हैं, तो इसका हमें शुभ फल नहीं प्राप्त होता है। आप भी घर में मोर की मूर्ति रखने को लेकर विचार कर रही हैं, तो आज हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे कि किस धातु के मोर की मूर्ति घर में रखना अच्छा होता है। साथ ही, इसके लिए कौन-सी दिशा सही है। 


घर में किस धातु से बने मोर की मूर्ति रखें ?

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार घर के अंदर चांदी से बने मोर की मूर्ति रखना बेहद शुभ होता है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही, घर के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम बना रहता है। यह घर के कई वास्तु दोष भी खत्म करता है। चांदी के मोर की मूर्ति रखने से घर में सुख-समृद्धि आती है। इसको घर में रखने से धन संकट की समस्याएं भी खत्म होती है। साथ ही, किसी जातक की अगर शादी में बाधा आ रही हो तो यह उसका भी निवारण करता है। कहा जाता है यदि मोर का जोड़ा पति-पत्नी अपने बेडरूम में रखते है, तो इससे दांपत्य जीवन सुखमय व्यतीत होता है। यदि आप चांदी की मूर्ति नहीं रख सकते हैं तो एल्युमिनियम धातु का मोर भी रखा जा सकता है।

मोर की मूर्ति किस दिशा में रखें ?

अब सवाल यह आता है कि चांदी का मोर रखने के लिए कौन-सी दिशा अच्छी होती है। आपको बता दें कि चांदी के मोर की मूर्ति हमेशा उत्तर-पूर्व दिशा में रखनी चाहिए। इसके अलावा आप इसे दक्षिण-पूर्व दिशा में भी रख सकते हैं। जब भी आप मोर की मूर्ति खरीदें तो ध्यान रखें कि मोर नाचने की अवस्था में हो। ऐसी मूर्ति रखने से घर में हमेशा खुशहाली का माहौल रहता है।