सप्ताह के पहले दिन ही गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगा 3.14 लाख करोड़ का चूना
नई दिल्ली, 07 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव, कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और विदेशी निवेशकों द्वारा की जा रही बिकवाली के कारण घरेलू शेयर बाजार आज एक बार फिर गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली सुधार भी हुआ।
हालांकि थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से ये दोनों सूचकांक फिसलते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.50 प्रतिशत टूट कर बंद हुए। बाजार में आज आई कमजोरी के कारण निवेशकों को लगभग 3.14 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 69.38 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,446.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 31.14 अंक उछल कर 76,477.19 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि खरीदारी का यह दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। थोड़ी देर बाद ही बाजार पर बिकवालों का कब्जा हो गया, जिससे सेंसेक्स एक बार फिर गिरने लगा।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण शाम तीन बजे तक यह सूचकांक 544.91 अंक यानी 0.71 प्रतिशत लुढ़क कर 75,970.52 अंक तक गिर गया। कारोबार के आखिरी आधे घंटे में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 162.29 अंक की रिकवरी कर 382.62 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,132.81 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 14.55 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसल कर 23,883.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक मामूली उछाल के साथ 23,890 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे निफ्टी टूटता चला गया।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण आज का कारोबार खत्म होने के कुछ देर पहले यह सूचकांक 159.80 अंक यानी 0.67 प्रतिशत लुढ़क कर 23,737.90 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने निचले स्तर से लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी 41.25 अंक सुधर कर 118.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,779.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की जमकर बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.28 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह मेटल सेक्टर में हुई बिकवाली के कारण बीएसई का मेटल इंडेक्स 1.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की आज खरीदारी होती रही लेकिन दूसरे ज्यादातर सेक्टर्स में बिकवाली का दबाव होने की वजह से फार्मास्यूटिकल सेक्टर की खरीदारी से भी बाजार को कोई फायदा नहीं मिल सका। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर दबाव बना रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 486.61 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 489.75 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.14 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,729 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,010 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,474 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 245 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,260 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,300 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,960 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर बढ़त के साथ और 23 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल 1.27 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 0.88 प्रतिशत, कोल इंडिया 0.84 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.76 प्रतिशत और मैक्स हेल्थकेयर 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंफोसिस 3.76 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.42 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.42 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 2.13 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक