शेयर बाजार में तेजड़ियों की वापसी, मुनाफावसूली के बावजूद जोरदार मजबूती के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

 


- बाजार की मजबूती के कारण निवेशकों ने एक ही दिन में कमाए 9.82 लाख करोड़

नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया संकट का जल्दी ही समाधान होने की उम्मीद की वजह से घरेलू शेयर बाजार ने आज शानदार वापसी की। इसके पहले के दो लगातार कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट का शिकार हुआ था। शेयर बाजार में आज दिन के पहले सत्र के कारोबार में जोरदार तेजी जरूर आई, लेकिन दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली का दबाव बन जाने के कारण शेयर बाजार की बढ़त में कमी भी आ गई। इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक डेढ़ प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे।

आज के कारोबार की शुरुआत दो प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद से ही बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में छिटपुट बिकवाली शुरू हो गई, जिससे बाजार की चाल में भी उतार चढ़ाव होने लगा। दोपहर एक बजे के बाद बाजार में बिकवाली का दबाव ज्यादा बढ़ गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट का शिकार हो गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.65 प्रतिशत और निफ्टी 1.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान फार्मास्यूटिकल सेक्टर के अलावा सभी सेक्टोरल इंडेक्स में लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण ज्यादातर इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। डिफेंस सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक खरीदारी होती रही, जिसके कारण डिफेंस इंडेक्स पांच प्रतिशत से भी अधिक की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इसी तरह मीडिया, पीएसयू बैंक और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी तीन प्रतिशत से अधिक की मजबूती हासिल करने में सफल रहे। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, आईटी, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस और टेक इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए।

दूसरी ओर, फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में बिकवाली होने की वजह से बीएसई का हेल्थ केयर इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 3.40 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब दस लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 422.23 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 412.41 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 9.82 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,437 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,828 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 508 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 101 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,006 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,778 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 228 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर बढ़त के साथ और 5 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 39 शेयर हरे निशान में और 11 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,814.88 अंक की मजबूती के साथ 73,762.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक थोड़ी देर में ही 2,017.03 अंक की मजबूती के साथ 73,964.58 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह सेंसेक्स की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। दोपहर एक बजे के बाद बिकवाली का दबाव अचानक बढ़ गया, जिसके कारण शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 992.90 अंक लुढ़क कर 72,971.68 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1,186.77 अंक की तेजी के साथ 73,134.32 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 567.60 अंक उछल कर 22,899 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ी देर में ही 609.90 अंक की तेजी के साथ 22,941.30 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिससे निफ्टी की चाल भी सुस्त पड़ने लगी। दिन के दूसरे सत्र में मुनाफा वसूली और तेज हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 322.70 अंक टूट कर 22,618.60 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 348 अंक की मजबूती के साथ 22,679.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड सात प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियशन 6.02 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 5.55 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 4.76 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 4.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 3.61 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.99 प्रतिशत, सिप्ला 2.31 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 1.63 प्रतिशत और एनटीपीसी 1.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक