शेयर बाजार में गिरावट जारी, लगातार सातवें दिन कमजोरी के साथ बंद हुआ निफ्टी
- बाजार की कमजोरी से निवेशकों को 3.51 लाख करोड़ की चपत
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में लगातार जारी तेजी का असर आज भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ-साफ नजर आया। शेयर बाजार में निफ्टी लगातार सातवें कारोबारी दिन और सेंसेक्स लगातार चौथे कारोबारी दिन कमजोरी के साथ बंद हुए। आज के कारोबार की शुरुआत भी मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक तेजड़ियों ने लिवाली का जोर लगाया लेकिन इसके बाद बाजार पर पूरी तरह से मंदड़ियों का कब्जा हो गया। पूरे दिन दबाव में कारोबार करने के बाद सेंसेक्स ने 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया। वहीं, निफ्टी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बीएसई का सेंसेक्स आज 17.41 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,218.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले 5 मिनट में ही यह सूचकांक 112.35 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,347.81 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में शेयरों की बिक्री शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स गिरता चला गया।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 525 अंक लुढ़क कर 412.57 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,822.89 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद आखिरी वक्त में हुई खरीदारी की वजह से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 85 अंक से अधिक की रिकवरी कर 325.78 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,909.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 2.85 अंक की सांकेतिक कमजोरी के साथ 24,152.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद पहले 5 मिनट में ही यह सूचकांक तेजी दिखाते हुए ओपनिंग लेवल से 20 अंक से अधिक उछल कर हरे निशान में 24,172.85 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से निफ्टी ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 145 अंक से अधिक टूट कर 129.25 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,025.65 अंक के स्तर तक गिर गया। आखिरी वक्त में बाजार में हुई मामूली खरीदारी के कारण यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 50 अंक से अधिक सुधर कर 76.60 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,078.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स, डिफेंस और एनर्जी सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही। इस बिकवाली के कारण बीएसई का कैपिटल गुड्स इंडेक्स 1.59 प्रतिशत लुढ़क गया। इसी तरह डिफेंस इंडेक्स 1.50 प्रतिशत और एनर्जी इंडेक्स 1.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
इनके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.51 प्रतिशत लुढ़क कर आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 488.67 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 492.18 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.51 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,521 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,807 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,483 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 231 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। वहीं, एनएसई में आज 3,077 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,071 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,006 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से आठ शेयर बढ़त के साथ 21 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.06 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.44 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 1.33 प्रतिशत, एटरनल 1.30 प्रतिशत और विप्रो 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर 1.72 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.70 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.68 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.29 प्रतिशत और आईटीसी 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक